*रुद्रपुर में बनेगा कुमाऊं का भव्य प्रवेश द्वार, स्थल चिन्हित*
*महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण*
*तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं पर मंथन, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य*
रुद्रपुर। उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले लोगों का स्वागत अब कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत और देवभूमि की पहचान को दर्शाने वाला भव्य प्रवेश द्वार करेगा। रुद्रपुर में प्रस्तावित कुमाऊं प्रवेश द्वार के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भूमि की उपलब्धता, यातायात व्यवस्था, भविष्य की जरूरतों और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। महापौर और विधायक ने संबंधित अधिकारियों को भूमि चयन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।
बताया गया कि रुद्रपुर में कुमाऊं का भव्य प्रवेश द्वार बनाने की कवायद लंबे समय से चल रही थी। महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा के प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने परियोजना को स्वीकृति देने के साथ ही निर्माण के लिए बजट भी जारी कर दिया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब प्रशासन ने परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, रुद्रपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन, एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा, नगर आयुक्त मनीष बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान की झलक
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर औद्योगिक नगरी होने के साथ ही उत्तराखंड का प्रमुख प्रवेश द्वार भी है। इसी मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक कुमाऊं, नैनीताल, चारधाम तथा अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाते हैं। ऐसे में राज्य की गरिमा और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार में आधुनिक वास्तुकला के साथ उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी स्थापत्य शैली की झलक देखने को मिलेगी। आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र और लोक संस्कृति व धार्मिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले कलात्मक तत्व इसे विशेष स्वरूप देंगे।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर में त्रिशूल चौक का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि डमरू चौक का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। कुमाऊं प्रवेश द्वार के निर्माण से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही रुद्रपुर को उत्तराखंड के गौरवशाली प्रवेश द्वार के रूप में नई पहचान मिलेगी।
राज्य की नई पहचान बनेगा प्रवेश द्वार : शिव अरोरा
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कुमाऊं प्रवेश द्वार उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए राज्य की नई पहचान बनेगा। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वपूर्ण घोषणाओं में शामिल है। परियोजना का प्रारंभिक डिजाइन तैयार हो चुका है और निर्माण के लिए बजट भी स्वीकृत किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रवेश द्वार केवल स्वागत द्वार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, आधुनिक विकास और विशिष्ट पहचान का प्रतीक होगा।







