*राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप के चौथे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*
*जूनियर महिला एपी, कैडेट महिला फॉयल, जूनियर पुरुष सेबर और कैडेट पुरुष फॉयल में पदकों के लिए हुआ कड़ा मुकाबला*
रुद्रपुर, 29 सितंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के चौथे दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से पहुंचे युवा फेंसरों ने तेज गति, सटीक तकनीक, शानदार फुटवर्क और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए जोरदार संघर्ष किया।
चौथे दिन जूनियर महिला एपी, कैडेट महिला फॉयल, जूनियर पुरुष सेबर और कैडेट पुरुष फॉयल वर्ग के मुकाबले हुए। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने आक्रामक और रक्षात्मक रणनीति का बेहतर तालमेल दिखाया। मुकाबलों के दौरान परिसर में खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया।
जूनियर महिला एपी वर्ग में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, करनाल की वंशिका ने स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर की जैज़ी देव निंगोम्बम ने रजत, जबकि दिल्ली कैंट की नायर अदिति और पटियाला की रवनूर कौर ने कांस्य पदक हासिल किया।
कैडेट महिला फॉयल वर्ग में पटियाला की कृतिका बेलवाल ने स्वर्ण, देहरादून की मानल मान ने रजत तथा महाराष्ट्र की श्राव्या पंकज पाटिल और छत्तीसगढ़ की नाव्या वर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
जूनियर पुरुष सेबर वर्ग में डीपीएस किच्छा रोड, रुद्रपुर के मुकुल चराया ने स्वर्ण पदक जीतकर मेजबान विद्यालय का नाम रोशन किया। हरियाणा के राज आदित्य ने रजत तथा राजस्थान के नैतिक शर्मा और आसिफ सपाथ ने कांस्य पदक जीते।
कैडेट पुरुष फॉयल वर्ग में देहरादून के अक्षित कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। हरियाणा के वेदांत सिंह दुहान ने रजत, जबकि पंजाब के गुरशन सिंह और मणिपुर के सिन बॉय लौखराम ने कांस्य पदक जीते।
चौथे दिन के आयोजन में विशिष्ट अतिथि रजनीश आर. सिंघला और चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित अरोड़ा ने प्रतियोगिता का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना की।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आयोजन को सफल बनाने में जुटे तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और अन्य सहयोगियों के प्रयासों की भी सराहना की गई।
26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक और आयोजन अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में भी विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाएं जारी रहेंगी। प्रतियोगिता का भव्य समापन 2 अक्टूबर को होगा।


