राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले
कैडेट पुरुष एपी, जूनियर पुरुष फॉयल और जूनियर महिला सेबर में खिलाड़ियों ने जीते पदक
रुद्रपुर, 28 सितंबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के तीसरे दिन कैडेट पुरुष एपी, जूनियर पुरुष फॉयल और जूनियर महिला सेबर वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने तेज फुटवर्क, शानदार रिफ्लेक्स और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए जोरदार संघर्ष किया।
कैडेट पुरुष एपी वर्ग में दुहान पब्लिक स्कूल रोहतक के सर्वेश कादियान ने स्वर्ण पदक जीता। हरकिशन मेमोरियल पब्लिक स्कूल रोहतक के यश दलाल को रजत पदक मिला। आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-2 बीईजी रुड़की के भानु प्रताप सिंह घरिया और श्री राम चरित मानस सीनियर सेकेंडरी स्कूल करनाल के लकी ने कांस्य पदक हासिल किया।
जूनियर पुरुष फॉयल वर्ग में शिव नादर स्कूल ग्रेटर फरीदाबाद के हितेजस वुजल ने स्वर्ण, सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून के शौर्य गैरोला ने रजत तथा प्रताप सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोनीपत के तरुण सिहाग और डीपीएस नासिक के मयंक जैन ने कांस्य पदक जीता।
जूनियर महिला सेबर वर्ग में डीपीएस सेक्टर-19सी फरीदाबाद की साक्षी कपूर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल भेल भोपाल की जानवी नेरपागर ने रजत पदक जीता। द ब्रिगेड स्कूल मल्लेश्वरम बेंगलुरु की नेहारिका जयदीप त्रासी और डीपीएस किच्छा रोड रुद्रपुर की पंखुड़ी शुक्ला ने कांस्य पदक हासिल किया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन खालसा समूह के सदस्यों सहित विभिन्न विशिष्ट अतिथियों ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर मुकाबलों का अवलोकन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिए डीपीएस रुद्रपुर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित चैंपियनशिप में देशभर के विद्यालयों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी, निर्णायक और आयोजन अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाएं जारी रहेंगी। चैंपियनशिप का भव्य समापन 2 अक्टूबर को होगा।


