*डीपीएस में उत्तराखंड की सबसे बड़ी सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का समापन*
– *आईएएस जय किशन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, डॉ. अलकनंदा अशोक रहीं विशिष्ट अतिथि*
– *विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर किया सम्मानित*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर में आयोजित योनैक्स-सनराइज 25वीं उत्तराखंड राज्य सब-जूनियर (अंडर-15 एवं अंडर-17) बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन संघ और ऊधम सिंह नगर बैडमिंटन एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि रुद्रपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी जय किशन तथा विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि जय किशन ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी विकास होता है। वहीं, डॉ. अलकनंदा अशोक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि डीपीएस रुद्रपुर ने प्रदेश में बैडमिंटन को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय पहल की है।
प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक एकल वर्ग में देहरादून के शौर्य मेहता और बालिका एकल में अवनी मखलोगा ने खिताब जीता। बालक युगल में आश्रय अग्रवाल और शौर्य मेहता की जोड़ी विजेता रही, जबकि बालिका युगल में अन्वेशा सकलानी और अवनी मखलोगा ने बाजी मारी। मिश्रित युगल वर्ग में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के प्रवल कार्की एवं अनुशुया भंडारी की जोड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह अंडर-17 बालक एकल वर्ग में नैनीताल के तनमय वर्मा और बालिका एकल में आन्या उपाध्याय विजेता बने। बालक युगल में देहरादून के प्रभु ध्यानी और शौर्य सिंह राणा की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया। बालिका युगल में नैनीताल की अनुशुया भंडारी और आराध्या बिष्ट तथा मिश्रित युगल में प्रभु ध्यानी और आराध्या बिष्ट की जोड़ी विजेता रही।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है।
समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन ने उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन संघ, ऊधम सिंह नगर बैडमिंटन एसोसिएशन, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पांच दिनों तक चले इस आयोजन ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान किया।


