लापता बालक की बरामदगी को लेकर परिजनों ने पुलिस चौकी का किया घेराव
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने शीघ्र कार्रवाई की उठाई मांग
रुद्रपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक बालक का सुराग नहीं लगने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर घेराव किया। उन्होंने पुलिस से बालक की शीघ्र तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने की मांग की।
रम्पुरा वार्ड संख्या-21 निवासी जगदीश राठौर ने बताया कि उनका पुत्र शिव उर्फ पल्लू शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने और लापता बालक की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि परिजनों की चिंता दूर हो सके।
इस दौरान मीना, रामगोपाल राठौर, राहुल, धर्मेंद्र, राजू, करण, रितेश, पुष्पा देवी, आकाश, विद्या देवी, चमेली देवी, रमेश, सतीश, बबलू, महेश, पूजा, कुंवर पाल, कांति देवी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।







