*पंजाब में AAP को बड़ा झटका, तीन विधायक भाजपा में शामिल*
*विधानसभा चुनाव से पहले तीन विधायकों ने छोड़ी पार्टी, दिल्ली में थामा भाजपा का दामन*
नई दिल्ली। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायकों ने इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। इनमें अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। तीनों विधायक सोमवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों के भीतर आम आदमी पार्टी से नाता तोड़ा है। रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने इस्तीफा दिया था, जबकि सोमवार को कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा अध्यक्ष को भेजे गए अपने इस्तीफे में उन्होंने राजनीति से ‘माई-बाप कल्चर’ खत्म करने को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता डॉ. सुभाष शर्मा ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही झाड़ू बिखरना शुरू हो गया है।
आप ने सदस्यता रद्द करने की मांग की
वहीं, आम आदमी पार्टी ने चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से मांग करने की बात कही है। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही निलंबित किया जा चुका है। वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह को भी जून 2025 में पार्टी ने पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद दोनों विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी। विधानसभा चुनाव से पहले तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने को राज्य में सियासी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


