*सनातन और सेना का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाब : धामी*
*जनसभा में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- न्याय यात्रा के बजाय प्रायश्चित यात्रा निकाले कांग्रेस*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सनातन धर्म, भारतीय सेना और देश के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को जनता आगामी चुनाव में करारा जवाब देगी। कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार, अत्याचार और महिला अपराधों के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। मंगलवार को गांधी पार्क में भाजपा की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पूर्व आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में न्याय यात्रा निकालकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि उसके शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार और अत्याचारों का हिसाब जनता आज भी मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार सनातन धर्म और देश की सांस्कृतिक परंपराओं को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध तक सीमित रह गई है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं, जबकि कांग्रेस नेता राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्थाओं के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सत्ता से बाहर होने के बाद भी कांग्रेस सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय विकास कार्यों में बाधा डालने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सेना के जवान विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता सेना की कार्रवाई पर ही सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति राहुल गांधी की टिप्पणी को भी अनुचित बताया। कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित लोगों के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक सितंबर 1994 को खटीमा गोलीकांड में सात राज्य आंदोलनकारियों ने शहादत दी थी। उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। मुजफ्फरनगर गोलीकांड को भी प्रदेश की जनता कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उत्तराखंड के लोगों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने सम्मान और स्वाभिमान के प्रति सजग है और प्रदेश की अस्मिता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।
धामी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए हल्द्वानी में आयोजित उनकी रैली के बाद हुए विवाद का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सभी जाति और वर्गों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं। कांग्रेस नेता राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और वह अब तक 28 बार प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने नैनीताल और ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, किच्छा में एम्स के सेटेलाइट सेंटर, जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने इन बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रयास क्यों नहीं किए। कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी : मेनन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता के जनादेश का सम्मान करना जरूरी है। राजनीतिक दलों को जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन, कार्यकर्ता और जनता के साथ निरंतर संपर्क है।
अंकिता प्रकरण पर कांग्रेस को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर महिला अपराधों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड और न्याय यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से सजा दिलाई जा चुकी है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में महिला अपराधों और घोटालों के कई मामले सामने आए थे, लेकिन आज वही पार्टी नैतिकता की बात कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को जवाब देगी।
मोदी-धामी के नेतृत्व में विकास को मिली गति : अजय भट्ट
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से कुमाऊं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है। भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
जनसभा को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, विधायक शिव अरोड़ा, महापौर विकास शर्मा और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट और श्रीपाल राणा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, गुंजन सुखीजा, राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, खिलेंद्र चौधरी, संकेत अग्रवाल, पुष्कर काला, भारत भूषण चुघ, गुरबिंदर सिंह चंदोक, विनय रुहेला, बलराज पासी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह बिष्ट, रंजीत सिंह नामधारी, खतीब अहमद, संजय बछाड़, मनजीत राजू, सीमा चौहान, प्रीत ग्रोवर और परविंद्र विर्क सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


