*पेराई सत्र की तैयारियों को लेकर किच्छा चीनी मिल में हुआ बॉयलर पूजन* *गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना* *किसानों को समय पर पेराई शुरू होने और बेहतर व्यवस्थाओं का दिलाया भरोसा*

*पेराई सत्र की तैयारियों को लेकर किच्छा चीनी मिल में हुआ बॉयलर पूजन*

*गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना*

*किसानों को समय पर पेराई शुरू होने और बेहतर व्यवस्थाओं का दिलाया भरोसा*

 

किच्छा। किच्छा चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बॉयलर पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर नए पेराई सत्र के सफल एवं सुचारु संचालन की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि किच्छा चीनी मिल क्षेत्र के हजारों किसानों और उनके परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। ऐसे में मिल का समय पर संचालन सुनिश्चित करना किसानों के हित में बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कृषि एवं गन्ना क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में गन्ना विभाग चीनी मिलों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने, किसानों को समय पर गन्ना भुगतान उपलब्ध कराने और पेराई सत्र का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने कहा कि पेराई सत्र 2026-27 को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। चीनी मिल की मशीनरी और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का परीक्षण एवं रखरखाव कराया जा रहा है। उन्होंने मिल प्रबंधन को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पेराई सत्र शुरू होने पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि किसानों के हित विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बॉयलर पूजन के साथ ही चीनी मिल में नए पेराई सत्र की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता डीसी पांडे, मुख्य रसायनज्ञ आशीष त्रिवेदी, मुख्य लेखाकार संजय कुमार पांडेय, गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह, मुख्य समयपाल प्रेमराज मिश्रा, राहुल सक्सेना, मनोज कुमार यादव, चौधरी सत्येंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी, जितेंद्र गौतम, सुधीर शाही, ठाकुर प्रताप सिंह, सभासद श्याम बिष्ट, राजकुमार कोली, प्रकाश पंत, देवेंद्र शर्मा, नारायण बिष्ट, गणेश उपाध्याय, दिनेश सयाल, ओम तनेजा, नरेंद्र गंगवार, नरेंद्र बागवानी और केवल सिंह सहित मिल के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement