*दीपावली के स्वागत में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रुद्रपुर* *महापौर विकास शर्मा ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर किया लाइटिंग का शुभारंभ, मुख्य मार्गों और चौराहों को सजाया*

*दीपावली के स्वागत में रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रुद्रपुर*

 

*महापौर विकास शर्मा ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर किया लाइटिंग का शुभारंभ, मुख्य मार्गों और चौराहों को सजाया*

 

रुद्रपुर। दीपावली के स्वागत में रुद्रपुर शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगा है। नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है। रविवार को महापौर विकास शर्मा ने त्रिशूल चौक पर बटन दबाकर विशेष लाइटिंग का शुभारंभ किया। शाम होते ही जगमगाती रोशनी से शहर की सुंदरता देखते ही बन रही है।

 

महापौर के निर्देश पर नगर निगम ने दीपावली को लेकर शहर में विशेष सजावट की व्यवस्था की है। इसके तहत नैनीताल हाईवे और काशीपुर मार्ग सहित त्रिशूल चौक से डीडी चौक तथा त्रिशूल चौक से गाबा चौक तक विद्युत झालरें लगाई गई हैं। रोशनी से नहाए प्रमुख मार्ग शहर की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले लोगों को भी दीपावली के उल्लास का एहसास कराना है।

 

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह और आपसी सद्भाव का पर्व है। यह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर में प्रमुख त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उत्सवी माहौल बनाया जाए।

 

उन्होंने कहा कि फिलहाल शहर के प्रमुख मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। आने वाले दिनों में मुख्य बाजार को भी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बेहतर माहौल मिल सके। इससे व्यापारियों को भी त्योहार के दौरान कारोबार के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा।

 

महापौर ने बताया कि स्थानीय और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार भी स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला तीन नवंबर से गांधी पार्क में शुरू होगा। इसमें स्थानीय एवं लघु व्यापारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए मंच मिलेगा। साथ ही लोगों को स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करने की अपील की।

 

महापौर ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और सजावट का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने का भी अवसर है। नगर निगम रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

 

इस दौरान पार्षद पवन राना, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, हमजा, संदीप, राजन राठौड़, पवन गाबा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement