*रुद्रपुर-किच्छा में शराब की पांच दुकानों के ताले तोड़ लाखों की नगदी उड़ाई*
*कार सवार चार चोरों ने एक ही रात में चार अंग्रेजी और एक देशी शराब की दुकान को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस*
रुद्रपुर। रुद्रपुर और किच्छा क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में पांच शराब की दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी। कार सवार अज्ञात चोर चार अंग्रेजी और एक देशी शराब की दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और हजारों रुपये कीमत की शराब की बोतलें चोरी कर ले गए। शुक्रवार रात हुई इन वारदातों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने सभी दुकानों का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सभी घटनाओं को एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, किच्छा रोड पर भूतबंगला गेट के पास अनुज्ञापी मानसी बत्र की अंग्रेजी शराब की दुकान है। दुकान के सेल्समैन जीवन सिंह कुंजवाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी। शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर बंद था, लेकिन दोनों ताले गायब थे। सूचना मिलने पर दुकान स्वामी और पुलिस मौके पर पहुंची।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि रात करीब ढाई बजे कार सवार चार लोग दुकान पर पहुंचे। उन्होंने ताले तोड़कर शटर उठाया और अंदर घुस गए। इसके बाद गल्ले में रखी एक लाख रुपये से अधिक की नगदी और शराब की कई बोतलें चोरी कर कार से फरार हो गए। दुकान स्वामी के अनुसार, बिक्री का रिकॉर्ड जांचने के बाद ही चोरी गई नगदी और शराब की सही मात्रा का पता चल सकेगा।
ट्रांजिट कैंप में देशी शराब की दुकान से 65 हजार रुपये चोरी
चोरों ने ट्रांजिट कैंप स्थित देशी शराब की दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान के सेल्समैन ब्रह्मस्वरूप ने बताया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे तो ताले गायब मिले। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में बिक्री के रखे करीब 65 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने मामले की सूचना अनुज्ञापी बलदेवराज और पुलिस को दी।
बिलासपुर रोड की दुकान से तीन लाख रुपये उड़ाए
बिलासपुर रोड पर महाविद्यालय के समीप रोडवेज बस अड्डा नंबर एक स्थित अंग्रेजी शराब की उप दुकान में भी चोरी की वारदात हुई। अनुज्ञापी मोहन सिंह बिष्ट की इस दुकान के सेल्समैन प्रताप सिंह नैनवाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी। शनिवार सुबह नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले। अंदर जांच करने पर गल्ले में बिक्री के रखे करीब तीन लाख रुपये और हजारों रुपये कीमत की शराब की बोतलें गायब मिलीं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना कैद हुई है।
दरऊ चौक और बरा में भी चोरी
इधर, किच्छा क्षेत्र के दरऊ चौक और बरा स्थित अंग्रेजी शराब की दुकानों में भी अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर नगदी और शराब की बोतलें चोरी कर लीं। इन दोनों दुकानों में हुई चोरी के संबंध में नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है।
एक ही गिरोह पर पुलिस को शक
लगातार पांच दुकानों में चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस सभी वारदातों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सभी घटनाओं में कार सवार चार लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। ऐसे में आशंका है कि वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। पुलिस फुटेज का मिलान कर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है।


