*तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को कुचला, दोनों की मौत*
*स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं मां-बेटियां, तीसरी बेटी ने कूदकर बचाई जान*
सितारगंज। किच्छा रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी मां और उसकी छह वर्षीय बेटी को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद दूसरी बेटी ने कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दड़हा निवासी 34 वर्षीय मीनू देवी पत्नी मुकेश कुमार शनिवार को अपनी बेटियों अनुष्का और नौ वर्षीय राधिका के साथ स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने जा रही थीं। इस दौरान तीनों किच्छा रोड पर आरके ढाबे के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अनुष्का कार की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि राधिका ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरकारी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव ने मीनू देवी और अनुष्का की मौत की पुष्टि की। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
पत्नी और मासूम बेटी की मौत से मुकेश कुमार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश कुमार एक दवा कंपनी में नौकरी करते हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


