*जालंधर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राहुल गांधी के दौरे का भी जिक्र* *ई-मेल में रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच*

*जालंधर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राहुल गांधी के दौरे का भी जिक्र*

 

*ई-मेल में रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच*

 

जालंधर। पंजाब के जालंधर में दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल में एपीजे स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल को निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में दोपहर 12:11 बजे धमाके किए जाने का उल्लेख किया गया था। ई-मेल में बच्चों को सुरक्षित रखने से संबंधित संदेश भी होने की बात सामने आई है। धमकी मिलने के बाद दोनों स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। खबर लिखे जाने तक स्कूलों में छुट्टी की घोषणा नहीं किए जाने की जानकारी मिली थी।

 

रेलवे नेटवर्क को निशाना बनाने की चेतावनी

 

धमकी भरे ई-मेल में केवल स्कूलों का ही जिक्र नहीं किया गया, बल्कि रेलवे नेटवर्क को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। मेल में रेलवे ट्रैक पर आईईडी विस्फोट करने की धमकी देने के साथ ही एक नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में सफर करने से बचने की बात कही गई है। इस सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ गई है।

 

राहुल गांधी के संगरूर दौरे का भी उल्लेख

 

ई-मेल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संगरूर दौरे के दौरान भी विस्फोट करने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं की जांच में जुट गई हैं। फिलहाल, धमकी भरे ई-मेल की सत्यता और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement