*मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी शुरू हुआ गड्ढामुक्त अभियान* *महापौर विकास शर्मा ने लिया जायजा, एक नवंबर से नई सड़कों का निर्माण शुरू करने की तैयारी*

*मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी शुरू हुआ गड्ढामुक्त अभियान*

 

*महापौर विकास शर्मा ने लिया जायजा, एक नवंबर से नई सड़कों का निर्माण शुरू करने की तैयारी*

 

रुद्रपुर। शहर को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया गया है। महापौर विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया और सोसाइटी समिति के सदस्यों से बातचीत कर सड़क संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान सोसाइटी के लोगों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत कर विकास कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शहर को 30 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत बस्तियों, कॉलोनियों, गल्ला मंडी और सोसाइटियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के गड्ढे भरे जा रहे हैं। एक नवंबर से नई सड़कों के निर्माण का अभियान शुरू किया जाएगा। मेट्रोपोलिस सोसाइटी में भी नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये की हॉटमिक्स सड़कों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। बिटुमिन की उपलब्धता में दिक्कत और बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब मौसम अनुकूल होने पर काम में तेजी लाई जा रही है। इसके अलावा 11.50 करोड़ रुपये के नए टेंडर भी जारी किए गए हैं। इनके तहत सीसी सड़कों के निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

 

महापौर ने कहा कि शहर में सड़क निर्माण के साथ पार्कों के सौंदर्यीकरण और ओपन जिम स्थापित करने पर भी काम किया जा रहा है। पुरानी तहसील परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि गौशाला बनकर तैयार हो चुकी है। पेट्रोल पंप परियोजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है। डमरू चौक के लिए टेंडर जारी हो चुका है और शिव कॉरिडोर के लिए शासनादेश जारी किया जा चुका है। इसके साथ ही गंगापुर रोड और भूरारानी रोड के चौड़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग से होते हुए इंदिरा कॉलोनी तक नई सड़क बनाने की योजना पर भी काम चल रहा है। इससे छतरपुर, मटकोटा, धर्मपुर, भूरारानी, सिंह कॉलोनी और आदर्श कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

 

महापौर ने कहा कि मेट्रोपोलिस सोसाइटी के लोग लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। मौसम अनुकूल होने पर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाना है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समितियों और नागरिकों के सहयोग से रुद्रपुर को व्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

इस दौरान सोसाइटी अध्यक्ष शंकर पटवाल, पीयूष भाटिया, वार्ड संख्या 40 के पार्षद बीनू, सुमेश राय, विनोद वर्मा, पंकज तिवारी, डॉ. आरके अग्रवाल, पूनम वर्मा, शिवराज सिंह बोरा, बीरेंद्र सिंह, मधु राय, मनीष अग्रवाल, सीमा शर्मा, मोनिका, रवि सिंह, हरीश कंडोलिया, श्रीमती बडोला और महेंद्र पोपली समेत सोसाइटी के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement