*रुद्रपुर की छह सड़कों के निर्माण की उम्मीद बढ़ी, सीएम धामी ने दिए निर्देश* *विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण में सौंपा ज्ञापन, पीडब्ल्यूडी सचिव को कार्यवाही आगे बढ़ाने को कहा*

*रुद्रपुर की छह सड़कों के निर्माण की उम्मीद बढ़ी, सीएम धामी ने दिए निर्देश*

 

*विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण में सौंपा ज्ञापन, पीडब्ल्यूडी सचिव को कार्यवाही आगे बढ़ाने को कहा*

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इन सड़कों के निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर राज्य योजना के तहत सड़कों का निर्माण कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मामले में पीडब्ल्यूडी सचिव को आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

 

विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कें लंबे समय से निर्माण और पुनर्निर्माण की प्रतीक्षा में हैं। इनकी बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों के निर्माण से हजारों लोगों को राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

 

ज्ञापन में एनएच-74 से ग्लोबल स्कूल होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा तक सड़क का पीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स से पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके अलावा बुक्सोरा में मुख्य मार्ग से न्यू एरा पब्लिक स्कूल तक दो किलोमीटर सड़क बनाने का प्रस्ताव शामिल है। वार्ड संख्या 25 की प्रीत विहार कॉलोनी में बरादरी जाने वाले मोटर मार्ग से उत्तर प्रदेश की सीमा में परमजीत के घर तक सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई है।

 

इसी तरह भूरारानी के वार्ड संख्या 32 स्थित बालाजी एंक्लेव और हंस विहार में इंटरलॉकिंग टाइल्स से सड़क निर्माण कराने का प्रस्ताव है। खुशी एंक्लेव और न्यू डिवाइन कॉलोनी की सड़कों के सुधार एवं पुनर्निर्माण के साथ ही बिगवाड़ा में दो किलोमीटर आंतरिक मार्ग बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई है।

 

पहले भी सौंपे जा चुके हैं प्रस्ताव

 

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पहले ही लोक निर्माण विभाग के माध्यम से देहरादून में विभागीय सचिव को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी सचिव को आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर सड़क संपर्क से लोगों का आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद छह सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी और जल्द ही इनके निर्माण को स्वीकृति मिल सकेगी।

 

विधायक शिव अरोरा ने जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाने और संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement