*प्रधानमंत्री के पिता पर कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ओबीसी मोर्चा का प्रदर्शन*
*प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य के नेतृत्व में बगवाड़ा मंडी में किया पुतला दहन, राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की उठाई मांग*
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के प्रति कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा ने प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बगवाड़ा मंडी में पुतला दहन कर आक्रोश जताया और राजनीतिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन असहमति व्यक्त करते समय भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। किसी के परिवार के प्रति अभद्र टिप्पणी करना राजनीतिक शिष्टाचार के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यों का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से किया जा सकता है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद स्वीकार्य है, लेकिन संवाद में शालीनता और मानवीय सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक दलों को सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश संयोजक योगेश वर्मा, कुमाऊं संयोजक श्रीकांत राठौर, बृजेश गुप्ता, पंडित प्रेमपाल, दुर्गेश गुप्ता, टिंकू तोमर, अजय मौर्य, संतोष चंद, अंकुर प्रजापति, प्रेमपाल रंगवार, जितेंद्र मौर्य, हेमू यादव, विशाल श्रीवास्तव, जानकी गोस्वामी, योगेश कुमार पाल, परमजीत पम्मा, कृष्ण कुमार काका, गौतम गिरी, नौवत राम श्रीवास्तव, रेखा यादव और सरिता चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


