महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत
नगर निगम परिसर में वाल्मीकि समाज के प्रमुख लोगों को किया सम्मानित, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
रुद्रपुर। महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा का नगर निगम गेट पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में पार्षदों और निगम कर्मियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम की ओर से बनाए गए स्वागत मंच पर वाल्मीकि समाज के प्रमुख लोगों को सम्मानित किया गया और शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
महापौर विकास शर्मा ने झांकियों की सराहना करते हुए महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर उन्होंने समाज को सत्य, धर्म, त्याग, सदाचार और मर्यादा का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज में प्रेम, समानता, सद्भाव व भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
महापौर ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने के साथ ही नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान से परिचित कराने का अवसर प्रदान करते हैं। धार्मिक शोभायात्राओं में लोगों की सहभागिता सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी समृद्ध बनाती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के साथ धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। नवरात्र और दुर्गा पूजा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों पर सजावट, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से कराई गई हैं। महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर भी श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गईं।
महापौर ने वाल्मीकि समाज के लोगों को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में हरसंभव सहयोग देता रहेगा।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह, धीरेंद्र मिश्रा, विराट आर्य, पार्षद राजेश जग्गा, पवन राणा, विष्णु, पवन गाबा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, अमित अरोरा, अमित नारंग, प्रमोद मित्तल, हरजीत राठी, इंद्रजीत सिंह, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष मुकेश राजोरिया, सोनू मुल्तानी, बिट्टू वाल्मीकि, विकास, शोभित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


