*शिवनगर मोड़ पर बनेगा सरदार पटेल द्वार, गोलमढ़ैया चौक का नाम होगा चंद्रगुप्त मौर्य चौक*
*कुर्मी महासभा के सम्मान समारोह में महापौर विकास शर्मा की घोषणाएं, ट्रांजिट कैंप थाना फुलसुंगा शिफ्ट करने और यातायात व्यवस्था सुधारने का भी दिया भरोसा*
रुद्रपुर। कुर्मी महासभा की ओर से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 11वां पटेल जयंती सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में महापौर विकास शर्मा ने शिवनगर मोड़ पर सरदार पटेल के नाम से भव्य द्वार बनाने और गोलमढ़ैया चौक का नाम चंद्रगुप्त मौर्य चौक रखने की घोषणा की। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, खराब ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त कराने और ट्रांजिट कैंप थाने को फुलसुंगा स्थानांतरित करने की दिशा में भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस दौरान समाज की महिलाओं और वरिष्ठजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, भाजपा जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ और तराई क्रांति संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। कुर्मी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने महापौर को तलवार और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
महापौर को ज्ञापन सौंपकर उठाईं जनसमस्याएं
समारोह के दौरान कुर्मी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में शिवनगर मोड़ पर सरदार पटेल के नाम से भव्य द्वार बनाने, ट्रांजिट कैंप थाने को फुलसुंगा स्थानांतरित करने और ट्रांजिट कैंप मार्ग स्थित बस्ती का नाम चंद्रगुप्त मौर्य के नाम पर रखने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा हाउस टैक्स हस्तांतरण की प्रक्रिया सरल बनाने, शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था सुधारने, ट्रैफिक लाइटों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र के बार-बार नवीनीकरण से होने वाली परेशानी दूर करने की मांग भी की गई।
सौरभ गंगवार ने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक हितों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने महापौर के करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस अवधि में कई ऐसे कार्य हुए हैं, जो पिछले दस वर्षों में भी नहीं हो सके। उन्होंने समाज की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम से सहयोग की अपेक्षा जताई।
सरदार पटेल ने देश की एकता को मजबूत किया : विकास शर्मा
महापौर विकास शर्मा ने लगातार 11 वर्षों से पटेल जयंती समारोह आयोजित करने के लिए कुर्मी महासभा के अध्यक्ष सौरभ गंगवार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का काम किया।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की स्मृति को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए उनकी विशाल प्रतिमा का निर्माण कराया। केंद्र और प्रदेश सरकार उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही हैं। सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण की प्रेरणा देता है। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता के समय प्रधानमंत्री पद को लेकर हुए घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
हाउस टैक्स और जाति प्रमाण पत्र की समस्या के समाधान का भरोसा
महापौर ने कहा कि नगर निगम बस्तियों में हाउस टैक्स की प्रक्रिया शुरू कर रहा है, ताकि पात्र लोगों को उनके मकानों पर मालिकाना हक दिलाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। हाउस टैक्स से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने ओबीसी जाति प्रमाण पत्र के प्रत्येक तीन वर्ष में नवीनीकरण की व्यवस्था से लोगों को होने वाली परेशानी का भी संज्ञान लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के माध्यम से इस मामले को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम समाज की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कुर्मी समाज की ओर से भविष्य में रखी जाने वाली मांगों और सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
समारोह को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, भाजपा जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ और तराई क्रांति संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आकाश गंगवार, चोखेलाल गंगवार, धीरेंद्र वर्मा, शेर सिंह राठौर, रमेश रस्तोगी, प्रदीप मंडल, विशाल मिश्रा, अभिषेक शर्मा, रामधारी गंगवार, पालोग सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।


