*एलायंस फेस-2 में गड्ढामुक्त होंगी सड़कें, एक नवंबर से शुरू होगा नई सड़कों का निर्माण* *महापौर विकास शर्मा ने किया निरीक्षण, खुशी इन्क्लेव और गुलमोहर पार्क में भी बनेंगी हॉटमिक्स सड़कें*

*एलायंस फेस-2 में गड्ढामुक्त होंगी सड़कें, एक नवंबर से शुरू होगा नई सड़कों का निर्माण*

 

*महापौर विकास शर्मा ने किया निरीक्षण, खुशी इन्क्लेव और गुलमोहर पार्क में भी बनेंगी हॉटमिक्स सड़कें*

 

रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत महापौर विकास शर्मा ने रविवार को एलायंस फेस-2 में सड़क मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कॉलोनीवासियों ने महापौर का स्वागत करते हुए सड़क सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों पर आभार जताया।

 

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। 30 अक्टूबर तक सड़कों के गड्ढे भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां केवल मरम्मत से काम नहीं चलेगा, वहां नई हॉटमिक्स सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। एलायंस क्षेत्र में मुख्य मार्ग के साथ फेस-3 की एक अन्य सड़क भी बनाई जाएगी। इसके अलावा खुशी इन्क्लेव और गुलमोहर पार्क में भी हॉटमिक्स सड़कें बनाई जाएंगी।

 

महापौर ने बताया कि पार्षदों और स्थानीय लोगों से प्राप्त सुझावों के आधार पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम ने सभी 40 वार्डों में नई सड़कों के निर्माण और डामरीकरण के लिए सूची तैयार की है। इसमें फूलसुंगी की मुख्य सड़क, वार्ड-16 के विभिन्न मार्ग, नंद विहार, शक्ति विहार, सनातन स्कूल वाली गली, सिंह कॉलोनी और स्कूल के निकट स्थित अन्य सड़कें शामिल हैं। मटकोटा के धर्मपुर क्षेत्र, लोक विहार और प्रीत विहार में भी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में हॉटमिक्स कार्य के कारण सड़क निर्माण रुका हुआ था।

 

उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 15 से 20 दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क निर्माण और डामरीकरण के कार्य धरातल पर दिखाई देने लगेंगे। महापौर ने बताया कि नगर निगम की ओर से 11.50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इनके तहत सीसी सड़कें, नालियां, सामुदायिक केंद्र और पार्कों का निर्माण व विकास कराया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के विकास की योजना भी इसमें शामिल है।

 

अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक बनेगी सड़क

 

महापौर ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण और नए संपर्क मार्गों का निर्माण जरूरी है। अटरिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक प्रस्तावित सड़क इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। करीब 30 फीट चौड़ी इस सड़क से भूरारानी, छतरपुर, मटकोटा, सिंह कॉलोनी और एलायंस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

 

उन्होंने बताया कि गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि भूरारानी रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा भगवाड़ा से सिडकुल को जोड़ने वाले मार्गों के विकास और नहरों को कवर कर नए बाईपास व मिनी बाईपास बनाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में नगर निगम शहर के विकास कार्यों को गति दे रहा है। बेहतर सड़कें, सुगम यातायात और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ रुद्रपुर की संस्कृति और विरासत का संरक्षण भी जरूरी है।

 

इस अवसर पर राजकुमार मुंजाल, सचिन मुंजाल, कमल, इशा, सानिया अरोड़ा, दिलीप इशपूजानी, प्रभु कक्के सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement