*भगत सिंह चौक पर माल्यार्पण नहीं करने को शिव अरोरा ने बताया शहीदों का अपमान*
*कांग्रेस की न्याय यात्रा को बताया फ्लॉप शो, बोले- 100 लोगों की भीड़ नहीं जुटा पाई कांग्रेस*
रुद्रपुर। कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान शहर के मुख्य बाजार स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह चौक पर हुए घटनाक्रम को लेकर विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस और पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा पर निशाना साधा है। उन्होंने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं किए जाने के मामले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि शहीदों का अपमान उत्तराखंड की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भगत सिंह चौक रुद्रपुर की पहचान और शहरवासियों की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से इनकार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की शहीदों के प्रति सोच पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सौंदर्यीकरण और प्रतिमा स्थापना का किया उल्लेख
विधायक ने भगत सिंह चौक के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले यहां गंदगी और बदहाली की स्थिति थी। विधायक बनने के बाद उन्होंने चौक का सौंदर्यीकरण कराने और शहीद भगत सिंह की आदमकद कांस्य प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प लिया। आज यह चौक भव्य स्वरूप में शहर की पहचान बना हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्थानीय नेता कुमारी शैलजा से प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का आग्रह करते रहे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में भी यह घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार, स्थानीय नेताओं के बार-बार आग्रह के बाद शैलजा ने केवल माला को हाथ लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस तरह का व्यवहार किस मानसिकता को दर्शाता है।
शिव अरोरा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता विभिन्न मंचों पर संविधान और लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन शहीदों के सम्मान से जुड़े इस मामले पर उन्हें जवाब देना चाहिए।
न्याय यात्रा को बताया फ्लॉप शो
विधायक ने रुद्रपुर में निकाली गई कांग्रेस की न्याय यात्रा को फ्लॉप शो करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यात्रा के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, स्थानीय कांग्रेस नेता यात्रा में 100 लोगों की संख्या भी नहीं जुटा सके। उन्होंने इसे कांग्रेस के प्रति जनता में समर्थन की कमी का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस न्याय की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर शहीदों के सम्मान से जुड़ा ऐसा घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस नेताओं को शहीदों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके आदर्शों और बलिदान का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का जताया विश्वास
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को फिर जनता का आशीर्वाद मिलेगा और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह के सम्मान से जुड़े इस घटनाक्रम को रुद्रपुर और उत्तराखंड की जनता याद रखेगी तथा कांग्रेस को इसका राजनीतिक जवाब देगी।


