*अखिलेश यादव के बयान पर सीएम धामी का पलटवार, बोले- उत्तराखंडवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं*
*रामपुर तिराहा कांड का जिक्र कर साधा निशाना, अखिलेश से सार्वजनिक माफी की मांग*
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताए जाने संबंधी बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ ही वीरभूमि भी है। इस पावन धरती ने देश को संतों, सैनिकों और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक महान व्यक्तित्व दिए हैं। ऐसे प्रदेश के लोगों का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्ष और बलिदान को आज भी नहीं भूली है। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में पृथक राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर रामपुर तिराहा में हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर उनके पिता के शासनकाल में उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गईं, वहीं अब उनके पुत्र उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बता रहे हैं। यह राज्य के संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान के लिए उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस को भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने राजनीतिक सहयोगी के बयान का समर्थन करती है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की स्वाभिमानी जनता अपने राज्य के निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और दिए गए बलिदानों को कभी नहीं भूलेगी। प्रदेशवासियों के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।


