*दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर मे सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप में पांचवें दिन रोमांचक मुकाबले*
*युवा फेंसरों ने शानदार प्रदर्शन कर जीते पदक, प्रतियोगिता अंतिम चरण में*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के पांचवें दिन विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। देशभर से पहुंचे युवा फेंसरों ने तेज फुटवर्क, सटीक आक्रमण, प्रभावी बचाव और बेहतर रणनीति का प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए कड़ा संघर्ष किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रतियोगिता परिसर पूरे दिन उत्साह और खेल भावना से सराबोर रहा।
पांचवें दिन कैडेट महिला एपी, सब-जूनियर पुरुष फॉयल, सब-जूनियर पुरुष सेबर और सब-जूनियर महिला सेबर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। कैडेट महिला एपी वर्ग में आईईएस पब्लिक स्कूल भोपाल की तविशा चौहान ने स्वर्ण, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल करनाल की परमिता रानी ने रजत तथा प्राची रानी और मणिपुर की केनिया देवी गुरुआरिबाम ने कांस्य पदक जीता।
सब-जूनियर पुरुष फॉयल वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल फरीदाबाद के उज्ज्वल रावत ने स्वर्ण पदक हासिल किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल फरीदाबाद के तनमय शर्मा को रजत, जबकि सर्वहितकारी विद्या मंदिर मानसा के प्रभदीप सिंह और भवन विद्यालय पंचकूला के नविश भारद्वाज को कांस्य पदक मिला।
सब-जूनियर पुरुष सेबर में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल देहरादून के आयुष्मान भट्ट ने स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के शानल कुमार ने रजत, जबकि देहरादून के अंशुमान राठौर और तमिलनाडु के निशोन राज एम. ने कांस्य पदक हासिल किया।
सब-जूनियर महिला सेबर वर्ग में नेशनल एकेडमी डे बोर्डिंग स्कूल की अली शाहनूर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इंडस पब्लिक स्कूल जींद की उर्वी खरब ने रजत, जबकि महाराष्ट्र की शारन्या ललित डेर्ले और पंजाब की जपजी कौर ढिल्लों ने कांस्य पदक जीते।
कार्यक्रम में उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट विशिष्ट अतिथि रहीं। इस दौरान उत्तर प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन की एडहॉक समिति के सदस्य अमिताभ राय सहित रोटरी क्लब रुद्रपुर और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जुटे तकनीकी अधिकारियों, रेफरी, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार जताया।
26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विद्यालयों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी व प्रशिक्षक तथा 350 से अधिक तकनीकी अधिकारी, रेफरी और निर्णायक हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। 2 अक्टूबर को भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।


