*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, कार्निवल में बच्चों ने की जमकर मस्ती* *सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, प्रधानाचार्य ने बच्चों को दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश*

*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया बाल दिवस, कार्निवल में बच्चों ने की जमकर मस्ती*

 

*सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, प्रधानाचार्य ने बच्चों को दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश*

 

रुद्रपुर, 14 नवंबर। भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्निवल का आयोजन किया गया, जिसमें मनोरंजक गतिविधियों, खेलकूद और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बच्चों का खूब मनोरंजन किया।

 

बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल परिसर को लाल और काले रंग के गुब्बारों तथा आकर्षक सजावट से सजाया गया था। बच्चों के मनोरंजन के लिए बाउंसी स्लाइड, ड्रैगन बोट झूले, मेरी-गो-राउंड सहित विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। खेल शिक्षकों की देखरेख में विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य शिक्षकों के निर्देशन में तैयार कार्यक्रमों का संचालन पवन तिवारी और कोमल गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाद्य संगीत की मधुर प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद नर्सरी के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि एलकेजी के विद्यार्थियों ने फिल्म शोले के पात्रों पर आधारित प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने 90 के दशक के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा दो के बच्चों ने ‘जुबी दुबी’ गीत पर शानदार प्रस्तुति दी।

 

कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने जोकर डांस, कक्षा चार के बच्चों ने घोस्ट कॉमेडी डांस और कक्षा 4 (ए व सी) के छात्रों ने ‘हट जा रे छोकरे’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने रोबोटिक डांस, कक्षा छह के छात्रों ने क्लासिकल और हिप-हॉप का फ्यूजन तथा कक्षा सात के विद्यार्थियों ने पारंपरिक लावणी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय होता है। विद्यार्थियों को इस समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा, रचनात्मकता और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, दयालुता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से एक जिम्मेदार, अनुशासित और संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया।

 

बाल दिवस को यादगार बनाने के लिए सभी कक्षाओं में क्लास टीचर्स के साथ केक काटकर उत्सव मनाया गया। शिक्षकों ने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी-खुशी और उत्साह से गुलजार रहा।

 

कार्यक्रम का समापन उल्लासपूर्ण माहौल में हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement