*लालपुर में कांग्रेस कार्यालय का विधायक बेहड़ ने किया उद्घाटन, बोले- 2027 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी पार्टी* *नरेश खुराना के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन, विभिन्न पदों पर कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी*

*लालपुर में कांग्रेस कार्यालय का विधायक बेहड़ ने किया उद्घाटन, बोले- 2027 में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी पार्टी*

 

*नरेश खुराना के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन, विभिन्न पदों पर कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी*

 

लालपुर। नगर पंचायत लालपुर कांग्रेस कमेटी के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने फीता काटकर किया। इस दौरान नगर पंचायत लालपुर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश खुराना के नेतृत्व में संगठन का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें संरक्षक, उपाध्यक्ष, प्रभारी, महामंत्री, सचिव और संगठन मंत्री सहित विभिन्न पदों पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होता है। मजबूत संगठन के दम पर ही पार्टी जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करती है। लालपुर में जिस तरह बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस यहां भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।

 

बेहड़ ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित रहना नहीं, बल्कि सभी के सुख-दुख में शामिल होकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग सहित सभी समुदायों को साथ लेकर चलना कांग्रेस की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति जाति और धर्म से ऊपर उठकर जनसेवा पर केंद्रित है।

 

विधायक ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में सड़कों का जाल बिछाया गया है। सिरौलीकलां, कच्ची खमरिया, मल्ली देवरिया, पक्की खमरिया और चकौनी सहित अनेक गांवों में विकास कार्य कराए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय, कन्या हाईस्कूल और जूनियर हाईस्कूल जैसे संस्थानों की स्थापना उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां हैं।

 

उन्होंने कहा कि श्मशान घाटों के सौंदर्यीकरण के साथ कब्रिस्तानों के विकास के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई गई। मंदिरों के साथ गुरुद्वारों के विकास और अस्पतालों व स्कूलों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी काम किया गया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे भी अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखें।

 

बेहड़ ने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी तथा पुलिस और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आम जनता को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने अवैध कॉलोनियों के मामले में भी भाजपा नेताओं पर निशाना साधा।

 

आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी व्यक्ति विशेष का अंधभक्त बनने के बजाय विकास का पक्षधर बनने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करने की अपील की। कथित थप्पड़ कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का जवाब हिंसा से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से वोट की ताकत से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, सिरौलीकलां नगर पालिका अध्यक्ष शहीदुल, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, शरीफ, हाजी अशोक चुघ, डॉ. गिल, परविंदर पम्मी, परवेज मलिक, इमरान मलिक, नरेंद्र मोंटी, जसविंदर सिंह, फैजान मलिक, समीर सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement