*श्री बालाजी धाम का 11 दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव 14 नवंबर से*
*24 नवंबर को भव्य मंदिर निर्माण के लिए होगा भूमि पूजन एवं शिलान्यास, सात दिवसीय हनुमत एवं महा रुद्र यज्ञ का भी होगा आयोजन*
रुद्रपुर। श्री बालाजी धाम, रुद्रपुर का 11 दिवसीय स्थापना दिवस महोत्सव 14 से 24 नवंबर तक धूमधाम एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका मुख्य आकर्षण 24 नवंबर को श्री बालाजी धाम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए होने वाला भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह रहेगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव की जानकारी गुरुवार को श्री बालाजी धाम परिवार एवं श्री बालाजी चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 14 नवंबर को दोपहर 2:15 बजे एलायंस कम्युनिटी हॉल से निकलने वाली भव्य निशान यात्रा के साथ होगा। 15 नवंबर को सुबह 10:15 बजे रक्तदान शिविर और 16 नवंबर को शाम 4:15 बजे सुंदरकांड पाठ आयोजित किया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर को शाम 4:15 बजे एमिनिटी पब्लिक स्कूल से कलश यात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 18 से 24 नवंबर तक सात दिवसीय हनुमत एवं महा रुद्र यज्ञ महोत्सव का आयोजन होगा। इसके तहत पंचमुखी हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों का हवन एवं पूजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को श्री हनुमान जी, 19 नवंबर को श्री नृसिंह जी, 20 नवंबर को श्री गरुड़ जी, 21 नवंबर को श्री वराह जी, 22 नवंबर को श्री हयग्रीव जी तथा 23 नवंबर को श्री महा रुद्र जी का यज्ञ संपन्न होगा। 24 नवंबर को आवाहित देवताओं एवं हनुमत सहस्रनाम का यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा। यज्ञ प्रतिदिन सुबह 8:15 बजे से दोपहर 2:15 बजे तक चलेगा।
ट्रस्ट पदाधिकारियों के अनुसार महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7:15 बजे महाआरती की जाएगी। 24 नवंबर को मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
पत्रकार वार्ता में विजय अरोरा, विजय भूषण गर्ग, भारत भूषण चुग, राजेंद्र सिधर, प्रवेश साहनी, चन्दरकांत अरोरा, नीरज बतरा, प्रीतम अरोरा, एसपीएस नेगी, प्रवीण सूरी, मुकेश घई, राहुल गुप्ता, अभिषेक कपूर, मोहित जिंदल, गोल्डी बेदी, मोनू राजपूत, संजीव भारद्वाज, रोहित हुड़िया, हर्ष जिंदल और आशु नागपाल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी, ट्रस्टी एवं सेवादार मौजूद रहे।
ट्रस्ट की ओर से शहरवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने की अपील की गई।


