*मिट्टी की कलाकृतियां बनाकर विद्यार्थियों ने मनाई दीपावली*
– *भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई क्रिएटिव क्ले मॉडलिंग वर्कशॉप*
– *नर्सरी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साह से किया प्रतिभाग*
रुद्रपुर। भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए क्रिएटिव क्ले मॉडलिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से कक्षा 11वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर मिट्टी से विभिन्न कलाकृतियां बनाना सीखा। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक भारतीय कला एवं शिल्प से रूबरू कराने के साथ ही व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा दिया गया।
कार्यशाला में एक कुशल कुम्हार आवश्यक सामग्री के साथ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को मिट्टी से दीये, बर्तन, गमले, खिलौने और सजावटी वस्तुएं बनाने की विधि सिखाई। खेल अवधि के दौरान खेल शिक्षकों की देखरेख में कक्षा-वार आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने अपने हुनर और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपने हाथों से मिट्टी की आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गतिविधि आधारित और व्यावहारिक शिक्षा भी जरूरी है। ऐसी कार्यशालाओं से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वतंत्र रूप से सोचने की क्षमता विकसित होती है। साथ ही उन्हें भारतीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं के प्रति सम्मान का भाव सीखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुभव आधारित शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीख सकें। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली पर मिट्टी के दीयों के सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व की जानकारी भी दी गई।
इस आयोजन में दीपावली के उल्लास के साथ रचनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने मिट्टी से कलाकृतियां बनाकर न केवल अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि पारंपरिक कला को करीब से समझने का अवसर भी प्राप्त किया।


