*सीमावर्ती शारदा सिटी में 6.30 करोड़ से बनेगा विद्युत उपकेंद्र*
यूपी के दर्जा राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख ने किया भूमि पूजन, बोले- धामी और योगी के नेतृत्व में हो रहा विकास
रुद्रपुर। सीमावर्ती क्षेत्र शारदा सिटी में 6.30 करोड़ रुपये की लागत से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के दर्जा राज्यमंत्री एवं बिलासपुर विधायक बल्देव सिंह औलख ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पड़ोसी राज्य हैं। दोनों प्रदेशों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने कार्यकर्ताओं के साथ राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विद्युत उपकेंद्र के भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
राज्यमंत्री औलख ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में बिजली की समस्या बनी रहती थी और लोगों को सीमित समय के लिए ही विद्युत आपूर्ति मिल पाती थी। भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने कहा कि भाजपा की विकासपरक सोच के चलते दोनों पड़ोसी राज्यों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस मौके पर एमपी सिंह, ब्लॉक प्रमुख कुलवंत औलख, मुरादाबाद मंडल के मुख्य अभियंता शशांक अग्रवाल, रामपुर के अधीक्षण अभियंता सतेंद्र कुमार चौहान, अधीक्षण अभियंता करमवीर सिंह, गुरकीरत सिंह, लाड़ी और ग्राम प्रधान रणधीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


