*धामी के नेतृत्व में ऐतिहासिक होगी पदयात्रा : विकास शर्मा* *महापौर ने गांधी पार्क पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, मंगलवार सुबह 10:30 बजे होगी जनसभा और पदयात्रा*

*धामी के नेतृत्व में ऐतिहासिक होगी पदयात्रा : विकास शर्मा*

 

*महापौर ने गांधी पार्क पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, मंगलवार सुबह 10:30 बजे होगी जनसभा और पदयात्रा*

 

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मंगलवार को रुद्रपुर में निकलने वाली ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पदयात्रा से पहले गांधी पार्क में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ गांधी पार्क पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पदयात्रा के निर्धारित मार्ग पर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में होने वाली यह पदयात्रा ऐतिहासिक होगी। मुख्यमंत्री के रुद्रपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन में भी उत्साह है। शहर के विभिन्न स्थानों पर समाज के अलग-अलग वर्गों की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा।

 

महापौर ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की कथित लोकतंत्र विरोधी मानसिकता और उसके द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं, निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका और प्रवर्तन निदेशालय जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों पर भी कांग्रेस को घेरा। महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां भी उनकी विचारधारा को दर्शाती हैं।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में पदयात्राएं आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में मंगलवार को सुबह 10:30 बजे रुद्रपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। गांधी पार्क में जनसभा के बाद पदयात्रा शहर के मुख्य बाजार से होते हुए निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ेगी। महापौर ने कहा कि यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और जनता के जनादेश के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का संदेश देगा।

 

जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की पहचान

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और चुनाव जनसमर्थन का सबसे बड़ा प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 47 सीटें हासिल कीं। लोकसभा चुनाव के साथ ही नगर निकाय और जिला पंचायत चुनावों में भी पार्टी को जनता का समर्थन मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता का विश्वास जीतने के बजाय कथित झूठे नैरेटिव के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन केवल दावों से नहीं, बल्कि उसके वास्तविक जुड़ाव से साबित होता है।

 

महापौर ने क्षेत्रवासियों से मंगलवार सुबह 10:30 बजे गांधी पार्क पहुंचकर जनसभा और पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होने वाला यह आयोजन रुद्रपुर में ऐतिहासिक साबित होगा।

 

ये रहे मौजूद

 

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, विधायक शिव अरोड़ा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, अनिल चौहान, सुनील ठुकराल, मोर सिंह यादव, मुकेश पाल, सोनू चुघ, राकेश सिंह, केके त्रिपाठी, रचित सिंह, बिट्टू चौहान और कुंदन परिहार सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement