पूर्व छात्रों के अनुभव से नई पीढ़ी को मिलेगी दिशा : शिवराज सिंह चौहान

Spread the love

पूर्व छात्रों के अनुभव से नई पीढ़ी को मिलेगी दिशा : शिवराज सिंह चौहान

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में देश-विदेश से आए पूर्व छात्र, कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधकर्ता और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हरित क्रांति की जननी पंतनगर की धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने देश की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दी है और हरित क्रांति की मजबूत नींव यहीं से रखी गई। उन्होंने बताया कि एक समय देश में गेहूं का उत्पादन 50 मिलियन टन था, जो आज बढ़कर लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन तक पहुंच चुका है। भारत चावल उत्पादन में विश्व में अग्रणी बन चुका है और भारतीय बासमती चावल की वैश्विक पहचान है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने केवल डिग्रियां नहीं दीं, बल्कि देश को कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेतृत्वकर्ता और कृषि उद्यमी दिए हैं। पूर्व छात्रों से उन्होंने नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तथा कृषि में नवाचार और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय ने कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पूर्व छात्र सम्मेलन अनुभव, ज्ञान और नवाचार के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके अनुभव युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुसंधान और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और पूर्व छात्रों के सामूहिक प्रयास देश की कृषि को और अधिक समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाएंगे।

इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप, विपिन ध्यानी, अनिल कपूर डब्बू, रंजीत सिंह नामधारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, पूर्व छात्र, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *