*ट्रांजिट कैंप में लूट की वारदात का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार*
*युवक से मारपीट कर लूटी थी बुलेट, नकदी और एटीएम कार्ड; पुलिस ने बाइक समेत 2610 रुपये किए बरामद, एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने*
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर बुलेट मोटरसाइकिल, नकदी और एटीएम कार्ड लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और 2610 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल आरोपियों ने शेष रकम खर्च कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, राजा कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने 9 नवंबर को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सात नवंबर की रात करीब 9:30 बजे वह सिडकुल स्थित कंपनी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विवेकनगर के पास सुमित राजपूत उर्फ गंठा, सागर राजपूत, अभिषेक राजपूत और दीपक कुमार ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जेब से पांच हजार रुपये, एटीएम कार्ड और बुलेट मोटरसाइकिल (यूके06 बीएस 0244) लूट ली और फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक मनोज कुमार को विवेचना सौंपी। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान नौ नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटी गई बुलेट के साथ चारों आरोपी मोदी मैदान के पास पीपल के पेड़ के नजदीक मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पवन कुमार से बुलेट लूटने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2610 रुपये भी बरामद हुए।
पुलिस ने चारों आरोपियों अभिषेक राजपूत (23), दीपक कुमार (20), सागर राजपूत (19) और सुमित राजपूत उर्फ गंठा (22) के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं पांच मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राजपूत के खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में वर्ष 2025 में चोरी और अन्य धाराओं में पांच मुकदमे दर्ज हैं। सागर राजपूत के खिलाफ मारपीट और अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुमित राजपूत के खिलाफ वर्ष 2026 में एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार चौथे आरोपी दीपक कुमार के आपराधिक इतिहास की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में नहीं दी गई है।
यह रही पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे।


