*खटीमा में लापता युवक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला हत्यारोपी*
*नशे के इंजेक्शन को लेकर हुआ था विवाद, गला घोंटकर हत्या के बाद गटर में फेंका था शव; 2300 रुपये और मोबाइल भी लूटा*
खटीमा। खटीमा में लापता 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या का आरोप उसके ही पुराने दोस्त संजय गुप्ता (25) पर लगा है। पुलिस के अनुसार, नशे के इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच हुए विवाद में आरोपी ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल से कुछ दूरी पर गटर में छिपा दिया। आरोपी ने मृतक के पास से 2300 रुपये और मोबाइल फोन भी ले लिया था। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शिव कॉलोनी वार्ड नंबर 17 निवासी रवि ने नौ नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उसका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता पर संदेह हुआ। बताया गया कि संजय ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहते हुए लौटाया था कि उसे मोबाइल रास्ते में पड़ा मिला है। पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अभय की हत्या कर शव गटर में छिपाने की बात स्वीकार की।
नशे के इंजेक्शन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और अभय पुराने दोस्त थे। सात नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले थे। इसके बाद दोनों कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में चले गए। वहां नशे का इंजेक्शन तैयार करने के दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अभय का गला दबाया और बाद में उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी।
आरोपी के अनुसार, उसने अभय के पास रखे करीब 2300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए तथा शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में फेंक दिया। पकड़े जाने के डर से उसने आठ नवंबर को मोबाइल फोन मृतक के बड़े भाई रवि को लौटा दिया। वहीं, 2300 रुपये में से 1700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए और शेष 600 रुपये उसके पास मिले।
आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और आवश्यक कार्रवाई के लिए फील्ड यूनिट व एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता पुत्र बालकिशन गुप्ता, निवासी शिव कॉलोनी वार्ड नंबर 17, खटीमा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में खटीमा थाने में चोरी और अन्य मामलों से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 में धारा 379/411 आईपीसी, वर्ष 2023 में धारा 304 आईपीसी तथा वर्ष 2025 में धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल कमल कुमार लुंठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, वेदपाल सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार और कमल पाल शामिल रहे।


