दीपावली केवल दीप जलाने और घरों को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह स्वयं के भीतर प्रेम, शांति, सौहार्द और ज्ञान का प्रकाश जगाने का भी अवसर है। ईश्वर की रचना को समझने का संदेश देते हुए कहा गया कि जीवन, चांद-सितारे, हवा, पानी, रोशनी, शरीर, दिल, दिमाग और प्रेम जैसी तमाम अनुभूतियां ईश्वर की ही देन हैं।
एक आध्यात्मिक प्रसंग के माध्यम से बताया गया कि जब किसी व्यक्ति ने सवाल किया कि यदि सब कुछ ईश्वर ने बनाया है तो अंधकार, नफरत, लोभ, अहंकार और क्रोध भी उसी की रचना क्यों माने जाएं और फिर इनका त्याग क्यों किया जाना चाहिए? इस पर प्रवचनकर्ता ने समझाया कि अंधकार वास्तव में प्रकाश का अभाव है, नफरत प्रेम का अभाव है और असंवेदनशीलता चेतना का अभाव है। इसी तरह जीवन में ईश्वर से दूरी बढ़ने के साथ नकारात्मक भावनाएं भी बढ़ने लगती हैं।
संदेश दिया गया कि मनुष्य को अपने भीतर प्रेम, संवेदना, शांति और सकारात्मकता को स्थान देना चाहिए। दीपावली का वास्तविक उद्देश्य केवल बाहरी रोशनी करना नहीं, बल्कि अंतर्मन को भी प्रकाशित करना है। व्यक्ति के भीतर ईश्वर के प्रति आस्था और सद्भाव बढ़े तथा नफरत, क्रोध और अहंकार जैसे भाव कम हों।
इस अवसर पर सभी से आह्वान किया गया कि वे स्वयं दीपक बनें और अपने आसपास भी प्रकाश फैलाएं। अपने घर के साथ पड़ोस का भी ध्यान रखें। प्रयास करें कि घर के आसपास कोई भी घर दीपक की रोशनी से वंचित न रहे।
‘अप्प दीपो भव’ अर्थात स्वयं अपने प्रकाश बनें और दूसरों के जीवन में भी उजाला फैलाएं। इसी भावना के साथ सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।


