*10.885 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज*
*ऑपरेशन प्रहार के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी की कार्रवाई, 2.72 लाख रुपये आंकी गई गांजे की कीमत*
अल्मोड़ा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2,72,125 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को सीज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम बृहस्पतिवार को रगड़गाड़ तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक संख्या UK-18-R-9020 पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.885 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अतीक अली निवासी ग्राम पैगा और दानिश निवासी वार्ड नंबर-1, निजाद फॉर्म, जसपुर खुर्द, थाना आईटीआई, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


