*शॉर्ट सर्किट से साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान* *पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र राहत दिलाने के दिए निर्देश*

*शॉर्ट सर्किट से साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख, किसान को भारी नुकसान*

 

*पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र राहत दिलाने के दिए निर्देश*

 

किच्छा। ग्राम महाराजपुर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में किसान नरेंद्र ठुकराल की करीब साढ़े सात एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। अग्निकांड में किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौके पर पहुंचे और जली हुई फसल का निरीक्षण कर पीड़ित किसान से घटना की जानकारी ली।

 

नरेंद्र ठुकराल किसान सेवा सहकारी समिति नारायणपुर के चेयरमैन एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य भी हैं। पूर्व विधायक ने मौके से ही अधिशासी अभियंता विद्युत संजय तिवारी और शुगर फेडरेशन उत्तराखंड के प्रबंध निदेशक विजय पांडे से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए फसल के नुकसान का उचित आकलन कराने और किसान को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान राजेश शुक्ला ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है। ऐसे में साढ़े सात एकड़ गन्ने की फसल का जलकर नष्ट होना बेहद दुखद है। इससे किसान की महीनों की मेहनत के साथ उसकी आर्थिक उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है। किसी भी दुर्घटना या आपदा से किसानों को हुए नुकसान पर उन्हें राहत दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

पूर्व विधायक ने पीड़ित किसान नरेंद्र ठुकराल को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

 

इस दौरान नारायण पाठक, मुलखराज ठुकराल, शिवा ठुकराल, पंकज ठुकराल, दीपक मिश्रा, अंकित पाठक, अभिषेक तिवारी और संजय विश्वास मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement