*स्वच्छता में रुद्रपुर ने रचा इतिहास, हिमालयी राज्यों में बना नंबर वन* *राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को सौंपा राष्ट्रीय पुरस्कार, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान*

*स्वच्छता में रुद्रपुर ने रचा इतिहास, हिमालयी राज्यों में बना नंबर वन*

 

*राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को सौंपा राष्ट्रीय पुरस्कार, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान*

 

रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त किया।

 

समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

स्वच्छ सर्वेक्षण में रुद्रपुर की इस उपलब्धि के पीछे नगर निगम की ओर से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों को अहम माना जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नागरिक सहभागिता और सफाई मित्रों के कल्याण सहित विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया गया।

 

इसके साथ ही बाजारों, सामुदायिक क्षेत्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, जनजागरूकता अभियान तथा सफाई व्यवस्था के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को भी परखा गया। इन प्रयासों के आधार पर रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में पहला स्थान मिला है।

 

पुरस्कार मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर को प्रथम स्थान मिलना केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शहर और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

 

उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस उपलब्धि में सफाई मित्रों का परिश्रम और शहरवासियों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। महापौर ने बताया कि पिछली बार नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर 467वीं रैंक से सुधार करते हुए 169वीं रैंक हासिल की थी। अब हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।

 

महापौर ने कहा कि इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को बरकरार रखने के साथ ही स्वच्छता के मानकों में और सुधार किया जाएगा। शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान को और गति दी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हो रहे कार्यों से नगर निगम को भी नई दिशा मिल रही है।

 

महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को मिला यह सम्मान एक नई जिम्मेदारी भी है। नगर निगम का लक्ष्य केवल पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि शहर में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की पूरी टीम और शहरवासियों को बधाई दी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement