*बिंदुखेड़ा–छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, कीचड़ में धान रोपकर किया प्रदर्शन* ‘*रोड नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान, जल्द निर्माण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी*

*बिंदुखेड़ा–छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, कीचड़ में धान रोपकर किया प्रदर्शन*

‘*रोड नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान, जल्द निर्माण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी*

रुद्रपुर। बिंदुखेड़ा–छतरपुर डाम कॉलोनी रोड की लंबे समय से जर्जर और कीचड़युक्त स्थिति को लेकर रविवार को क्षेत्रवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। स्थानीय लोगों ने बदहाल सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से धान रोपकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा देते हुए सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पंत ने कहा कि वर्षों से सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और अधिक विकट हो जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाने पर भी खराब सड़क के कारण कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाता है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। इसके अलावा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं, जिन्हें समय पर कार्यस्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने सरकार से तत्काल सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा पूरे क्षेत्र में “रोड नहीं तो वोट नहीं” अभियान चलाया जाएगा।

प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पंत, नीरज चंदोला, ज्योति चंदोला, विमल भट्ट, फकीर चंदोला, बीडीसी सदस्य अमरजीत सिंह, जोगिंदर सिंह, बलराम सिंह, वंश सामंत, अजय बिष्ट, सुनील पंत, सुरजीत सिंह, जरनैल सिंह, करण सिंह, सूरज सिंह, पवन पाठक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement