*अभिषेक का हाल जानने फिर राममूर्ति अस्पताल पहुंचे महापौर विकास शर्मा*
*चिकित्सकों से मेडिकल रिपोर्ट पर की विस्तृत चर्चा, परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा*
रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि का हाल जानने महापौर विकास शर्मा मंगलवार को एक बार फिर राममूर्ति अस्पताल, बरेली पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर अभिषेक के स्वास्थ्य, मेडिकल रिपोर्ट और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि अभिषेक की हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उसके उपचार में जुटी है।
महापौर ने अस्पताल में चिकित्सकों से अभिषेक की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और उपचार से संबंधित रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अभिषेक के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उसे बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। चिकित्सकों ने बताया कि अभिषेक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक उपचार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते दिनों काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि समेत दो युवक घायल हो गए थे। अभिषेक को गंभीर चोटें आने के बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए राममूर्ति अस्पताल, बरेली रेफर किया गया था। वर्तमान में उसका सघन चिकित्सा कक्ष में उपचार चल रहा है।
अभिषेक की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद महापौर घटना के अगले ही दिन भी बरेली पहुंचे थे। उन्होंने उस दौरान चिकित्सकों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली थी और हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को दोबारा अस्पताल पहुंचकर उन्होंने उपचार की अब तक की प्रगति और आगे की उपचार प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी ली।
महापौर ने कहा कि अभिषेक के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसे दिल्ली अथवा किसी अन्य बड़े शहर में बेहतर उपचार के लिए ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर एयर एंबुलेंस अथवा हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
महापौर ने अभिषेक के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उपचार के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए लोगों से उसके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
अस्पताल में महापौर ने अभिषेक के मामा रिंकू से भी बातचीत की। बाद में रिंकू ने वीडियो जारी कर अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर फैल रही अफवाहों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिषेक का उपचार राममूर्ति अस्पताल में जारी है और चिकित्सकों की टीम पूरी तत्परता से उसका इलाज कर रही है।
रिंकू ने कहा कि महापौर विकास शर्मा लगातार परिवार के संपर्क में हैं और समय-समय पर चिकित्सकों से अभिषेक के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभिषेक के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि इस समय परिवार को सबसे अधिक लोगों की दुआओं और सहयोग की जरूरत है। अफवाहों से परिवार की चिंता और परेशानी बढ़ती है।


