*जिला अस्पताल हत्याकांड: 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दबोचा*
*एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में दबिश जारी*
रुद्रपुर। जगतपुरा हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की विभिन्न टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जिला अस्पताल परिसर में दोबारा विवाद और मारपीट हो गई। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा अपराध संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक जांच कराई। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्व. रामावतार शामिल हैं। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर के निवासी हैं।
एसएसपी के निर्देशन में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


