*उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान से मिला अलग राज्य : दिनेश आर्य*
*भाजयुमो की संगोष्ठी में राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित, प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा*
किच्छा। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), ऊधम सिंह नगर की ओर से किच्छा में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने शिरकत की। इस दौरान राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी में उत्तराखंड राज्य निर्माण के इतिहास, आंदोलन के दौरान किए गए संघर्ष, आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान तथा प्रदेश की विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य वर्षों के संघर्ष, त्याग और आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य आंदोलनकारियों का योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है। साथ ही उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक भौगोलिक राज्य नहीं, बल्कि लाखों लोगों के संघर्ष, भावनाओं और बलिदान का प्रतीक है। युवा मोर्चा का उद्देश्य नई पीढ़ी को राज्य आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना और आंदोलनकारियों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवा आंदोलनकारियों के सपनों का सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं भाजयुमो जिला महामंत्री विशाल सिंह, कमलेन्द्र सेमवाल, विपिन जल्होत्रा, विवेक दीप सिंह, शैली फुटेला, लवी सहगल, श्रीकांत राठौर, रचित गंगवार, गोल्डी गोराया, ईश्वरी प्रसाद गंगवार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


