*पंजाब में दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत, चार श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल*
*एनएच-54 पर नौशहरा के पास हादसा, बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई एक बस*
पंजाब। तरनतारन जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा एनएच-54 पर नौशहरा के पास उस समय हुआ, जब तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में एक बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बस डिवाइडर पार कर दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों बसों में कुल 37 यात्री सवार थे। ये सभी पंजाब सरकार की तीर्थ यात्रा योजना के तहत धार्मिक यात्रा पर गए थे। श्रद्धालु अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद वापस लौट रहे थे। शनिवार शाम करीब चार बजे नौशहरा के पास अचानक सामने आए बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में एक बस अनियंत्रित हो गई और दूसरी बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।


