*दिल्ली से पंजाब तक फिर बरसेंगे बादल हिमाचल-उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश*
दिल्ली। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में छह अक्टूबर से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने लंबे समय तक शुष्क मौसम के बाद छह से 10 अक्तूबर तक इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग की ओर से रविवार सुबह 7:49 बजे जारी अखिल भारतीय मौसम सारांश और पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, छह से 10 अक्टूबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम का मिजाज बदलने से पहले, चार और पांच अक्तूबर को इस इलाके में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने यह अनुमान ऐसे समय में जताया है जब हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ज़्यादा बढ़ा हुआ है। आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पंजाब में कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस तक ज़्यादा रहा। कुछ अन्य जगहों पर भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से 3 डिग्री सेल्सियस तक ज़्यादा दर्ज किया गया।
आईएमडी के बुलेटिन में इस दौरान हरियाणा या पंजाब में भारी बारिश का अनुमान नहीं जताया गया है और न ही बारिश के इस दौर से जुड़े खराब मौसम की कोई चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, हिमालय के आस-पास के इलाकों में मौसम की गतिविधियां ज्यादा तेज रहने की उम्मीद है। पांच से 10 अक्टूबर के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में छह से आठ अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश होने के आसार है, और इसके बाद नौ और 10 अक्तूबर को काफी बड़े क्षेत्र में बारिश हो सकती है


