याद रखिए, आपका भाई, पिता और पति भी पुरुष है: हिमांशु शुक्ला
रुद्रपुर। एक महिला या पुरुष के गलत कार्य के आधार पर पूरी पुरुष या महिला जाति को गलत ठहराना उचित नहीं है। किसी एक व्यक्ति की गलती के लिए पूरे वर्ग को जिम्मेदार ठहराना समाज में विभाजन और गलत धारणा को बढ़ावा देता है। यह बात युवा भाजपा नेता हिमांशु शुक्ला ने एक महिला द्वारा पुरुषों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कही।
हिमांशु शुक्ला ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर काम करना चाहिए। किसी महिला के साथ गलत होता है तो उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है, लेकिन इसके लिए पूरी पुरुष जाति को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि “याद रखिए, आपका भाई, पिता और पति भी पुरुष है।”
उन्होंने कहा कि समाज में अच्छे और बुरे लोग हर वर्ग में होते हैं। किसी व्यक्ति के गलत आचरण के आधार पर सभी पुरुषों को गलत कहना न तो न्यायसंगत है और न ही सामाजिक दृष्टि से उचित। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते समय संयम और तथ्यों का ध्यान रखें तथा समाज में आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का प्रयास करें।


