*दिनेश आर्य होंगे भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी*
*16 अक्टूबर को होगा मतदान, नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को हो रहा पूरा*
देहरादून। उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश आर्य को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम की घोषणा के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही दावेदारों की चर्चाओं पर विराम लग गया है। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है।
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इसी सीट के लिए भाजपा में लंबे समय से प्रत्याशी के चयन को लेकर मंथन चल रहा था। प्रदेश संगठन की कोर कमेटी ने संभावित दावेदारों के नामों पर विचार-विमर्श के बाद केंद्रीय नेतृत्व को पैनल भेजा था। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने दिनेश आर्य के नाम पर मुहर लगा दी।
दिनेश आर्य उत्तराखंड भाजपा के संगठन से जुड़े पुराने नेताओं में शामिल हैं। वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नैनीताल विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की थी। हालांकि पार्टी ने सरिता आर्य को प्रत्याशी बनाया था। इसके बाद दिनेश आर्य ने मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी पद से इस्तीफा दे दिया था।
दिसंबर 2023 में धामी सरकार ने दिनेश आर्य को उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्हें इस पद के साथ राज्यमंत्री का दर्जा भी दिया गया था। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है।
विधानसभा में भाजपा के मौजूदा संख्याबल को देखते हुए पार्टी प्रत्याशी के निर्वाचन की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में दिनेश आर्य का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।


