*विधायक बेहड़ ने 57 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास*
*अगले वर्ष तक नजीबाबाद में शुरू होंगी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं, हाईस्कूल को इंटर कॉलेज बनाने की भी घोषणा*
किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को विधायक तिलक राज बेहड़ ने नजीबाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कॉलोनियों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने करीब 57 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम भगवानपुर में करीब 40 लाख रुपये की लागत से 600 मीटर मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं, विधायक निधि से नजीबाबाद की पहाड़ी कॉलोनी में 3.56 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों, मत्स्य कॉलोनी में 2.87 लाख रुपये की लागत से दो सड़कों, माता फार्म के श्मशान घाट में पांच लाख रुपये की लागत से टीन शेड एवं फर्श निर्माण, रघुवंशी फार्म में 76 हजार रुपये की लागत से चबूतरा निर्माण तथा भगवानपुर में पांच लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। विधायक ने ग्रामीणों की मौजूदगी में फीता काटकर इन कार्यों का शुभारंभ किया।
इस दौरान विधायक बेहड़ ने घोषणा की कि अगले वर्ष तक नजीबाबाद क्षेत्र के लोगों को अस्पताल की सौगात मिलेगी। अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण पूरा कराकर वहां स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने नजीबाबाद हाईस्कूल को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत कराने की भी घोषणा की। कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधायक ने नजीबाबाद बैराज, पहाड़ी कॉलोनी, मत्स्य कॉलोनी, माता फार्म, भगवानपुर और रुद्रपुर सानी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जिन नए विकास कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें आगामी वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों से किए गए वादों और घोषणाओं को धरातल पर उतारना उनकी जिम्मेदारी है। विधायक निधि से स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों को पूरा कराने के बाद ही वह संबंधित गांवों में दोबारा पहुंचेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि कलकत्ता फार्म को मत्स्य कॉलोनी से जोड़ने वाले मार्ग का निर्माण भी अगले कार्यकाल में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान कराना है।
विभिन्न गांवों और कॉलोनियों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं रखीं और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
इस दौरान किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, पूर्व पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, बलवंत सिंह, सुंदर सिंह, बलदेव सिंह, मेजर सिंह, अशोक चुघ, दलजीत खुराना, बलवीर सिंह, मुन्नी देवी, अर्जुन यादव, अनिल यादव, जमालुद्दीन, डॉ. नदीम, श्याम सिंह, सुरेंद्र, अमरजीत सिंह, चंद्र तेज सिंह, दलेर सिंह, बाज सिंह, जगीर सिंह, जसवंत सिंह, इब्राहिम, रामविलास और नेम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



