*ग्रामीण जनसंवाद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं ने जताया रोष, विधायक बेहड़ से की शिकायत* *धाधा फार्म में महिलाओं ने कहा- स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़कर आ रहे बिजली के बिल, विधायक ने सरकार को घेरा*

*ग्रामीण जनसंवाद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं ने जताया रोष, विधायक बेहड़ से की शिकायत*

 

*धाधा फार्म में महिलाओं ने कहा- स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़कर आ रहे बिजली के बिल, विधायक ने सरकार को घेरा*

 

किच्छा, 19 नवंबर। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तीसरे दिन विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्राम बखपुर, धाधा फार्म और शंकर फार्म क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान धाधा फार्म में स्मार्ट मीटर का मुद्दा प्रमुखता से उठा। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिलों में बढ़ोतरी होने की शिकायत करते हुए अपना आक्रोश जताया।

 

जनसंवाद के दौरान महिलाओं ने विधायक को बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली के बिल काफी अधिक आ रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने इस समस्या के समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि उन्होंने पहले भी स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया था, लेकिन उस समय उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब ग्रामीणों को बढ़े हुए बिजली बिलों के रूप में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं को समझना चाहिए और स्मार्ट मीटर के नाम पर आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डालना चाहिए।

 

इससे पूर्व विधायक ने शंकर फार्म नई बस्ती में मंदिर की चोटी के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस कार्य पर 2 लाख 30 हजार रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम शंकर फार्म में मंदिर के समीप विधायक निधि से तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित टीन शेड का भी लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया।

 

इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। गांवों में सड़क, धार्मिक स्थलों और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। विधायक निधि का उपयोग क्षेत्र की जनता की जरूरतों के अनुरूप किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक गांव तक विकास कार्यों का लाभ पहुंच सके।

 

विधायक ने ग्रामीणों की अन्य समस्याएं भी सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनसंवाद का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना है।

 

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, पूर्व पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, डॉ. त्रिमल, योगेंद्र, अफाक खान, तुलसी देवी, ओमकार, मकसूद, मनवीर, महंत, राहुल, कासिम, झागन लाल, आमना, शबाना, भूरी, रमेश, गीता और आनंदी देवी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement