*चक्रवात ‘अकवान’ 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराने की आशंका, 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं* *ओडिशा के आठ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी*

*चक्रवात ‘अकवान’ 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराने की आशंका, 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं*

 

*ओडिशा के आठ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी*

 

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से शक्तिशाली होता जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने की आशंका है। तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 17 नवंबर की शाम तक चक्रवात ‘अकवान’ गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। वहीं, 19 नवंबर की सुबह इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग तूफान की दिशा और तीव्रता पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

ओडिशा के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 

चक्रवात का असर ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को गंजाम, गजपति और पुरी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। वहीं, 20 नवंबर को मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

 

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में तेज हवाओं के साथ बारिश

 

आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के विभिन्न समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है।

 

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में घना कोहरा

 

चक्रवात के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। असम और मेघालय में 17 से 22 नवंबर तक बारिश हो सकती है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग दिनों में वर्षा का अनुमान है।

 

कहीं ठंड का असर तो कहीं तापमान सामान्य से अधिक

 

देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात के नलिया में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस हिमाचल प्रदेश के मंडी में रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है।

 

मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। चक्रवात की संभावित गंभीरता को देखते हुए संबंधित राज्यों में मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement