### *कांग्रेस विधायक के बयान पर राजेश शुक्ला ने उठाए सवाल, बोले- लोकतंत्र में बैलेट की ताकत चलेगी, बुलेट की नहीं*
*कांग्रेस नेतृत्व से हरीश धामी के कथित धमकी भरे बयान पर रुख स्पष्ट करने की मांग, बोले- ऐसे आचरण पर कार्रवाई करे पार्टी*
रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी के कथित अमर्यादित व्यवहार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी गई जान से मारने की धमकी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सोमवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से विधायक के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करने और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन गाली-गलौज, हिंसक व्यवहार, धमकी और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए माइक फेंका, कुर्सी उठाई और मुख्यमंत्री को जान से मारने तथा नरबलि जैसी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से सवाल किया कि क्या हरीश धामी का यह बयान और व्यवहार कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है? यदि पार्टी इससे सहमत नहीं है तो उसे तत्काल विधायक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है।
पूर्व विधायक ने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। सत्ता से दूर रहने की हताशा में हिंसा और धमकी का रास्ता अपनाना उचित नहीं है। चुनाव जनता के बीच जाकर नीतियों, विकास और विचारों के आधार पर लड़े जाते हैं, न कि गाली-गलौज और धमकियों से।
अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के पंतनगर एयरपोर्ट कार्यक्रम में क्षेत्र का विधायक होने के बावजूद उन्हें मंच पर बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके बावजूद उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की और न ही माइक फेंकने जैसा व्यवहार किया। उन्होंने संवैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि यदि हरीश धामी को किसी सरकारी कार्यक्रम में सम्मान नहीं मिला या बोलने का अवसर नहीं दिया गया तो वह भी अपनी बात उचित संवैधानिक मंच पर रख सकते थे।
शुक्ला ने दावा किया कि संबंधित कार्यक्रम में हरीश धामी का स्वागत किया गया था और मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उनका नाम भी सम्मानपूर्वक लिया था। यदि समयाभाव के कारण उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिला तो इसे उचित माध्यम से उठाया जा सकता था। हिंसक और अमर्यादित व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति प्रदेश की जनता का विश्वास और समर्थन लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता वर्ष 2022 के चुनाव परिणाम का जिक्र तो करते हैं, लेकिन चंपावत उपचुनाव में मुख्यमंत्री को मिले भारी जनसमर्थन पर चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने मुख्यमंत्री पद के दावेदार को ऊधम सिंह नगर की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाकर देख ले, जनता का समर्थन किसे मिलता है, यह सामने आ जाएगा।
शुक्ला ने जसपुर और किच्छा की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के अमर्यादित व्यवहार तथा मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति को हिंसा में बदलना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
मुख्यमंत्री को दी गई कथित धमकियों पर कानूनी कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार सरकारी कार्यक्रम में हुई घटना को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। कानून अपना काम करेगा और न्यायालय अपना निर्णय देगा, लेकिन जनता की अदालत भी सर्वोपरि है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता अपने मताधिकार से ऐसे आचरण का जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि देश ने आपातकाल के दौर में भी लोकतंत्र और जनशक्ति की ताकत देखी है। भारत की जनता हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था के साथ खड़ी रही है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, विकास और जनसेवा की राजनीति में विश्वास करती है।
प्रेस वार्ता के अंत में शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड की जनता खड़ी है। लोकतंत्र में राजनीतिक लड़ाई विचारों और जनसमर्थन से लड़ी जाती है। सरकारें बैलेट से बनती हैं, बुलेट से नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लाखों लोग पसंद करते हैं, ऐसे में क्या कांग्रेस के नेता उन सभी लोगों के खिलाफ भी इसी तरह की धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करेंगे? उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास न तो हिंसा से जीता जा सकता है और न ही धमकियों से दबाया जा सकता है।



