*न्यायालय की कार्रवाई से नहीं बच सकते विधायक शिव अरोड़ा : केपी गंगवार*
*जवाब दाखिल नहीं करने पर एकपक्षीय कार्रवाई की मांग करेंगे, 21 नवंबर को न्यायालय में पेश होने की तिथि निर्धारित*
रुद्रपुर। भाईचारा एकता मंच के अध्यक्ष केपी गंगवार ने विधायक शिव अरोड़ा पर न्यायालय में विचाराधीन मामलों में जवाब दाखिल नहीं करने और सम्मन जारी होने के बावजूद उपस्थित नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायक न्यायालय की कार्रवाई से बच नहीं सकते। यदि निर्धारित तिथि पर वह न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखते हैं तो वादी की ओर से उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की मांग की जाएगी।
केपी गंगवार ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को किच्छा रोड स्थित उनके भूखंड पर विधायक शिव अरोड़ा एवं अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी और न्यायालय के आदेश की अवहेलना की गई थी। इस मामले में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के न्यायालय में वाद संख्या 100/2025, कांता प्रसाद गंगवार बनाम शिव अरोड़ा आदि दायर किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य सभी संबंधित पक्ष अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि विधायक शिव अरोड़ा की ओर से अभी तक जवाब दाखिल नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि काजल गंगवार और पुजारी रामचंद्र के साथ कथित मारपीट के मामले में तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के न्यायालय में निगरानी वाद संख्या 67/2026, कांता प्रसाद गंगवार बनाम गेंदन लाल आदि दायर किया गया है। इस मामले में भी विधायक शिव अरोड़ा को छोड़कर अन्य संबंधित पक्ष न्यायालय में उपस्थित हो चुके हैं। गंगवार का आरोप है कि विधायक को दो बार सम्मन जारी होने के बावजूद वह न्यायालय में पेश नहीं हुए।
उन्होंने बताया कि न्यायालय ने पांच नवंबर 2026 को पुनः विधायक शिव अरोड़ा को सम्मन जारी कर 21 नवंबर 2026 को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। गंगवार ने कहा कि यदि निर्धारित तिथि पर विधायक न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो वादी पक्ष उनके विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करेगा।



