*मुख्यमंत्री धामी ने मां पूर्णागिरि मंदिर में की पूजा-अर्चना, धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का किया लोकार्पण*
*2.54 करोड़ रुपये की लागत से हुआ मंदिर का निर्माण, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की*
नगला तराई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित नवनिर्मित मां पूर्णागिरि मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां पूर्णागिरि का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
करीब 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नवनिर्मित धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी लोकार्पण किया। मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की समृद्ध धार्मिक परंपराएं एवं आस्था के केंद्र समाज को सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। मंदिर हमारी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। धार्मिक स्थलों का विकास होने से जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, वहीं हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मंदिर परिसर में सुविधाओं का विस्तार होने से दर्शनार्थियों को सहूलियत मिलेगी। नवनिर्मित धर्मशाला से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिलेगी, जबकि हाईटेक शौचालय से स्वच्छता और जनसुविधाओं में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों को आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



