*सभी धामी, पुष्कर सिंह धामी नहीं बन सकते : मीना शर्मा*
*हरीश धामी में दम है तो मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं, उन्हें अपनी राजनीतिक हैसियत का पता चल जाएगा*
रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं रुद्रपुर नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष मीना शर्मा ने कांग्रेस विधायक हरीश धामी के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ चुनाव लड़ने और उन्हें हराने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
मीना शर्मा ने कहा कि सभी धामी, पुष्कर सिंह धामी नहीं बन सकते। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी कार्यशैली, कुशल नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर प्रदेश की जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हरीश धामी यदि मुख्यमंत्री को चुनाव में हराने का इतना ही दम रखते हैं तो उन्हें चुनाव मैदान में उतरकर अपनी ताकत आजमानी चाहिए। इससे उन्हें अपनी वास्तविक राजनीतिक हैसियत का भी पता चल जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है, जिसे हरीश धामी जैसे नेता भी डूबने से नहीं बचा सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अनर्गल बयानबाजी और राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने कामकाज और नीतियों का जवाब देना चाहिए। मीना शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।



