*विकास शर्मा बने ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष* *राष्ट्रीय स्तर के संगठन ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, प्रदेश के सभी महापौरों के बीच समन्वय बनाने की होगी जिम्मेदारी*

*विकास शर्मा बने ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष*

 

*राष्ट्रीय स्तर के संगठन ने सौंपी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, प्रदेश के सभी महापौरों के बीच समन्वय बनाने की होगी जिम्मेदारी*

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स ने उत्तराखंड प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय स्तर के संगठन की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को रुद्रपुर के साथ ही प्रदेश के शहरी विकास और नगर निकायों के लिए अहम माना जा रहा है।

 

संगठन के सचिव मनोज गुप्ता की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में विकास शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करते हुए उत्तराखंड के सभी महापौरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा जताई गई है। साथ ही स्थानीय निकायों के समक्ष आने वाली समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

 

नियुक्ति पत्र में प्रदेश के सभी महापौरों की एक दिवसीय बैठक आयोजित करने के लिए सुविधानुसार तिथि और समय निर्धारित कर संगठन को लिखित रूप से सूचित करने का अनुरोध किया गया है। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रणाली, शहरी विकास की चुनौतियों, संसाधनों की उपलब्धता और महापौरों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।

 

विकास शर्मा की नियुक्ति से प्रदेश के नगर निगमों के बीच आपसी तालमेल मजबूत होने और शहरी निकायों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही विभिन्न शहरों के महापौर अपने अनुभव और सुझाव साझा कर शहरी विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास कर सकेंगे।

 

प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर महापौर विकास शर्मा ने संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। प्रदेश के सभी महापौरों को साथ लेकर नगर निकायों की समस्याओं और उनके व्यावहारिक समाधान के लिए काम किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक शहर की अपनी अलग जरूरतें और चुनौतियां हैं। ऐसे में महापौरों के बीच बेहतर समन्वय और अनुभवों का आदान-प्रदान बेहद जरूरी है। नागरिक सुविधाओं के विस्तार, शहरी विकास और नगर निकायों को अधिक सक्षम बनाने के लिए सभी के सहयोग से प्रयास किए जाएंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement